छत्तीसगढ़ में यात्री ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में 7 लोगों की मौत

Admin 2025-11-04

रेलवे ने बताया कि अधिकारियों ने घटनास्थल पर सभी संसाधन भेज दिए हैं और घायलों के इलाज के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।

news-banner
संजय सेन। रायपुर 
             छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम बड़ा ट्रेन हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। जयराम नगर स्टेशन के पास गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन और एक मालगाड़ी की आमने-सामने की टक्कर में कई लोगों की जान चली गई और कुछ घायल हो गए। हादसा शाम करीब 4 बजे गटोरा और बिलासपुर स्टेशन के बीच अप लाइन पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए।
             घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका है। इस घटना में 7 लोगो की मौत होने की बात कही जा रही है वही 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालाकी रेल प्रशासन ने मरने वालो की अभी पुष्टि नही की है।
             हादसे के बाद बिलासपुर कोरबा रेलवे मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया है रेलवे ने कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया है जबकि कुछ ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोका गया है। रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर कैंप लगाकर स्थिति की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। रेल सूत्रों के मुताबिक यह सिग्नल ओवरशुट का मामला हो सकता है। जहां पहले से ही मालगाड़ी खड़ी होने या रनिंग की स्थिति में हो ऐसे में एक और ट्रेन को सिग्ग्रल कैसे दिया गया यह भी जांच का विषय है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रेने एक ही अप लाइन पर कैसे आई।                  तकनीकी अमला दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनों को अलग करते हुए यातायात बहाल करने में जुटा है। फिलहाल दुर्घटना की जांच जारी है और रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर यात्रियों के परिजनों के लिए मदद का इंतजाम किया है। 

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर- 
              रेलवे ने बिलासपुर ट्रेन हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। हादसे से जुड़ी सही जानकारी और घायलों की स्थिति जानने के लिए लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। चंपा जंक्शन के लिए 808595652, रायगढ़ के लिए 975248560 और पेंड्रा रोड के लिए 8294730162 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा सीधे दुर्घटना स्थल पर भी दो हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं।

Share It On: