खरोरा,
नगर से लगे ग्राम केशला में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर देवांगन समाज, केशला द्वारा दो दिवसीय भव्य माँ परमेश्वरी महोत्सव-2026 का आयोजन माँ परमेश्वरी मंदिर परिसर, केशला में श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया जा रहा है। महोत्सव का प्रथम दिवस 22 जनवरी को संध्या 4:30 बजे दीप प्रज्वलन एवं सेवा-गीत के साथ प्रारंभ होगा तत्पश्चात शाम 6 बजे से ग्राम स्तरीय तथा रात्रि 9 बजे से राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महोत्सव के अंतर्गत सामूहिक, युगल, एकल एवं ग्रामीण नृत्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न वर्गों में विजेताओं को ₹11001, ₹9001, ₹7001, ₹5001 एवं ₹3001 तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार राशि समाज के दानदाताओं के सहयोग से निर्धारित की गई है। द्वितीय दिवस 23 जनवरी को प्रातः 8:00 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 2:00 बजे से प्रसिद्ध लोक गायिका अल्का चंद्राकर की प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री अनुज शर्मा जी (विधायक धरसीवां) तथा नवीन अग्रवाल जी (अध्यक्ष, जिला पंचायत रायपुर) अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में टिकेश्वर मनहरे जी (जनपद अध्यक्ष, तिल्दा), श्रीमती सरोज मुकेश भारद्वाज (जनपद सदस्य), सरपंच मया कुमार वंशे (ग्राम केशला), उपसरपंच लोमश देवांगन, भरत देवांगन जी, विनोद देवांगन, शिवलाल देवांगन (मंडी अध्यक्ष) एवं रामचरण देवांगन उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक-सांस्कृतिक महोत्सव में सपरिवार उपस्थित होकर माँ परमेश्वरी की कृपा प्राप्त करने एवं कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। उपरोक्त जानकारी देवांगन समाज के सचिव ने दी है।