तिल्दा-नेवरा।
तंबाकू नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने गुरुवार को तिल्दा-नेवरा में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 9 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर COTPA एक्ट (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों के चालान काटे गए।
कार्रवाई एसडीएम तिल्दा-नेवरा आशुतोष देवांगन के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनीश ठाकुर सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने दुकानदारों को भविष्य में COTPA एक्ट के प्रावधानों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री से बचें, ताकि बच्चों और युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।