धर्म परिवर्तन के आरोप में पास्टर गिरफ्तार : तबीयत ठीक करने का लालच देकर करता था धर्म परिवर्तन

Date: 2026-03-17

ग्रामीणों को हिंदू धर्म छोड़ने के लिए करता था प्रेरित, पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा

news-banner
संजय सेन, रायपुर।
            रायपुर ग्रामीण पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में एक पास्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्रामीणों को बीमारी ठीक करने का लालच देकर हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहता था और ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाता था।
           पुलिस के मुताबिक, कठिया नंबर-1 वार्ड क्रमांक 13 बजरंग पारा में रहने वाले लोगों ने 15 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पास्टर अनुप शेण्डे (28) गांव के लोगों को तबीयत ठीक करने का प्रलोभन देकर हिंदू धर्म के खिलाफ गाली-गलौज करता था और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था।
           प्रकरण में थाना खरोरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 154/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत मामला कायम किया। पुलिस ने आरोपी अनुप शेण्डे पिता मारोती शेण्डे, निवासी नांदाफाटा (जिला बन्द्रपुर, महाराष्ट्र) हाल मुकाम राजीव नगर खरोरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी और न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया।
           प्रकरण पर क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने सख्ती से कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक (रायपुर ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।
           इस मामले पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि ऐसी प्रकरणों पर सख्ती से कार्यवाही हेतु निर्देश दिया गया है। वहीं कांग्रेस कमेटी के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि  जब जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आती है धर्मांतरण की शिकायत लगातार आती है हम धर्मांतरण के खिलाफ है धर्मांतरण नहीं होना चाहिए। भाजपा राज में खुला छूट रहता है सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए, केवल दिखावा करने से कुछ नहीं होगा।

Share It On:

Leave Your Comments