देवरी घुलघुल में विरोध और लिखित समर्थन के बीच शांतिपूर्ण जनसुनवाई संपन्न

Admin 2026-05-07

संजय सेन, रायपुर। ग्रामीण महीनो से जता रहे थे विरोध, वही क्रांति सेना, शिव सेना ने भी किया विरोध प्रदर्शन

news-banner
तिल्दा,
           तिल्दा के समीपस्थ ग्राम पंचायत देवरी घुलघुल में गुरुवार को मेसर्स अग्रसेन स्टील एण्ड पावर लिमिटेड के प्रस्तावित प्लांट को लेकर आयोजित लोक जनसुनवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जनसुनवाई के दौरान कंपनी के लिखित समर्थन और विरोध दोनों ही स्वर सुनने को मिले। वही क्रांति सेना, शिव सेना और ग्रामीणों ने विरोध जताया।
             कार्यक्रम की शुरुआत में मेसर्स अग्रसेन स्टील प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि मोहम्मद इरफान ने ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तावित प्लांट की सम्पूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कंपनी द्वारा पर्यावरण सुरक्षा के लिए किए जाने वाले कारगर उपायों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने प्लांट स्थापित होने के बाद क्षेत्र में होने वाले ग्रामीण विकास, रोजगार के अवसर और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। 
             जनसुनवाई के दौरान कंपनी के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट दिखे। सैकड़ों ग्रामीणों ने लिखित समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर कर क्षेत्रीय पर्यावरण विभाग के उपस्थित अधिकारियों को सौंपा। समर्थकों का कहना था कि कंपनी आने से क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा और युवाओं का पलायन रुकेगा।
             वहीं दूसरी ओर, कुछ ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने प्लांट का विरोध भी दर्ज कराया। विरोध कर रहे लोगों ने पर्यावरण प्रदूषण, खेती की जमीन और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को लेकर अपनी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि कंपनी पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों का सख्ती से पालन करे और ग्रामीणों के हितों को प्राथमिकता दे।
            दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनने के बाद अपर कलेक्टर यू.एस. बांधे ने जनसुनवाई की समाप्ति की घोषणा की। इस दौरान एसडीएम आशुतोष देवांगन, सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी,तहसीलदार राम प्रसाद बघेल, थाना प्रभारी रामकांत तिवारी, पर्यावरण विभाग के अधिकारी प्रकाश रावडे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। जनसुनवाई में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जन भी उपस्थित रहे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी।

Share It On: