तिल्दा,
तिल्दा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम अलदा में चल रहे अवैध ईंट भट्ठे पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह तहसीलदार तिल्दा रामप्रसाद बघेल और थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अलदा में दबिश दी।
मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम अलदा निवासी लखन वर्मा द्वारा शासकीय भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से ईंट भट्ठे का संचालन किया जा रहा था। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार लखन वर्मा पहले भी इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। टीम ने कार्रवाई करते हुए भट्ठे में तैयार और अर्ध-तैयार सभी ईंटों को जब्त कर लिया और तत्काल प्रभाव से पूरे स्थल को सील कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिल्दा क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने भी चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति शासन के नियमों का उल्लंघन कर अवैध गतिविधि में लिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया है। राजस्व विभाग अब जब्त ईंटों की गिनती और शासकीय भूमि को हुए नुकसान का आकलन कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगा। लखन वर्मा के खिलाफ खनिज अधिनियम और अतिक्रमण की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी तरह कठिया, केवतरा, खरोरा और केशला के आसपास भी अवैध ईंट भट्ठों का संचालन होने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन क्षेत्रों में भी शासकीय और कृषि भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर ईंट निर्माण का काम चल रहा है। फिलहाल इन भट्ठों पर प्रशासन की कार्रवाई लंबित है, लेकिन अलदा में हुई दबिश के बाद इन क्षेत्रों के संचालकों में भी खलबली मची हुई है। प्रशासन का कहना है कि पूरे तिल्दा क्षेत्र में अभियान चलाकर सभी अवैध भट्ठों की जांच की जाएगी।