SBI कर्मचारियों की हड़ताल, 2 दिन बंद रहेंगे बैंक; निपटा लें अपना जरूरी काम

Hemant Dewangan 2026-05-09

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को मनवाने के लिए 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

news-banner

मध्यप्रदेश,

           भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे. इस हड़ताल का व्यापक असर मध्य प्रदेश में भी होने की उम्मीद है. यह हड़ताल 'भारतीय स्टेट बैंक अवार्ड स्टाफ एम्प्लॉईज यूनियन' और 'ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन' के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है।

           दरअसल ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फेडरेशन ने बैंक प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के हितों की अनदेखी और कई लंबित मांगों के विरोध में देशव्यापी हड़ताल करने का फैसला किया है. 23 मई चौथा शनिवार है और 24 मई रविवार है. 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल तय है, जिसके बाद बुधवार 27 मई को बकरीद की छुट्टी है।

प्रमुख मांगे और मुद्दे-

           यूनियन ने बैंक मैनेजमेंट के सामने पांच मुख्य मांगें रखी हैं. इनमें सबसे पहली मांग बैंक में खाली पड़े क्लास IV (मैसेंजर) पदों पर तुरंत स्थायी भर्ती की है. इसके अलावा बैंक की शाखाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में हथियारबंद गार्ड तैनात करने की भी मांग की गई है. कर्मचारी संगठन का यह भी कहना है कि नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को अपना 'पेंशन फंड मैनेजर' चुनने का अधिकार दिया जाना चाहिए. साथ ही 2019 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए 'इंटर-सर्कल ट्रांसफर' सुविधा को फिर से शुरू करने और बैंक के मुख्य कामों को बाहरी एजेंसियों को आउटसोर्स करने की प्रक्रिया को रोकने की भी मांगें की गई हैं।

निपटा लें अपना जरूरी काम-

           महीने के आखिरी हफ्ते में होने वाली हड़ताल के कारण, आम ग्राहकों को कैश निकालने, पैसे जमा करने और बैंकिंग से जुड़े अन्य ज़रूरी काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए बैंक से संबंधित सभी जरूरी काम पहले निपटा लें।

Share It On: