सीधी के कशिहवा गांव में घर में भीषण आग लगने से तीन मासूम बच्चे जिंदा जल गए. घटना के समय तीनों बच्चे घर पर थे, माता-पिता काम और राशन लेने के बाहर गए थे. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मध्यप्रदेश,
सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत काशिहवा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर में लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. बताया जा रहा है कि माता-पिता काम और राशन लेने बाहर गए थे, जबकि तीनों बच्चे घर के अंदर बंद थे. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया, सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पिता मजदूरी पर गए, मां राशन लेने-
जानकारी के अनुसार, काशिहवा गांव निवासी रामरतन साकेत सुबह मजदूरी करने घर से निकल गए थे, जबकि उनकी पत्नी शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर राशन लेने गई थी. घर में मौजूद तीनों बच्चों, 8 वर्षीय बेटी, 5 वर्षीय बेटा और 3 वर्षीय छोटी बेटी, को घर के अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया गया था. करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया. पड़ोसियों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी।
जिंदा जले तीनों बच्चे-
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी. तीनों मासूम बच्चे आग में जिंदा जल गए, जबकि घर में रखा गृहस्थी का सामान भी पूरी तरह खाक हो गया. घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी, जमोड़ी थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को ढांढस बंधाया।
कलेक्टर ने जताया दुख, जांच जारी-
कलेक्टर विकास मिश्रा ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है. वहीं पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
तीन मासूमों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक छोटी सी लापरवाही ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।