सिवनी जिले में एक कुआं अचानक ढह गया. इस दुखद हादसे में मां और बेटी समेत तीन महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं. इसके बाद लगभग 10 घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद देर रात मां और बेटी के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मध्यप्रदेश,
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के दुकली गांव में एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक खेत में स्थित कुआ अचानक ढह गया. यह हादसा उस समय हुआ जब तीन महिलाएं वहां मौजूद थीं. वे तुरंत ही कुएं की मिट्टी और मलबे के नीचे दब गईं. जैसे ही इस घटना की खबर फैली पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार व शोर-शराबा गूंज उठा. गांव वालों ने तुरंत बंडोल थाने की पुलिस और जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सिवनी में अचानक धंसा कुआं-
सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. शुरुआती प्रयासों के दौरान मलबे के नीचे फंसी तीन महिलाओं में से एक को सुरक्षित जीवित बाहर निकाल लिया गया. उसे तुरंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. लेकिन मलबे के काफी अंदर फंसी मां और बेटी की मौत हो गई।
10 घंटे रेस्क्यू के बाद निकाले शव-
रात देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने कुएं से लगभग 10 घंटे बाद दोनों शवों को बाहर निकाला और उन्हें पुलिस को सौंप दिया. रिपोर्टों के अनुसार मां का शव रात लगभग 1:00 बजे कुएं से निकाला गया. इसके लगभग एक घंटे बाद, बचाव दल ने दूसरा शव भी बरामद कर लिया. यह घटना सोमवार दोपहर लगभग 4:00 बजे बडोल पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले दुकली गांव में हुई।