टाउन हॉल में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वरी प्रसाद वर्मा हुए सम्मानित

Hemant Dewangan 2026-06-02

‘प्रोजेक्ट वंदन’ के तहत शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर दी गई सम्मानजनक विदाई, रायपुर जिले के 68 सेवानिवृत्त कर्मचारियों का हुआ सम्मान।

news-banner
खरोरा,
        रायपुर कलेक्टोरेट परिसर स्थित टाउन हॉल में शुक्रवार को कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए 68 शासकीय कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
        इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेल्दार सिवनी, विकासखंड तिल्दा, जिला रायपुर के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वरी प्रसाद वर्मा को भी कलेक्टर गौरव कुमार सिंह द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके सेवाकाल के योगदान के लिए सम्मानित करने के साथ ही उनके समस्त देयकों का तत्काल भुगतान भी किया गया।
          कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के 21, स्वास्थ्य विभाग के 3, राजस्व विभाग के 2, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2, जल संसाधन विभाग के 11, उच्च शिक्षा विभाग के 7, पशुधन विकास विभाग के 2, वन विभाग के 3, लोक निर्माण विभाग के 2, जेल विभाग के 3, उद्यानिकी विभाग के 1 तथा संस्कृति विभाग के 1 कर्मचारी शामिल रहे।
           इस अवसर पर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने कहा कि शासकीय कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में प्रशासन और समाज की सेवा करते हैं। उनके सम्मानजनक विदाई के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट वंदन’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि अब जिले के किसी भी विभाग का कर्मचारी सेवानिवृत्त होगा तो उसे सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी।
          समारोह में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती, जिला कोषालय अधिकारी गजानन पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share It On: