लोमश देवांगन। .
आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) जरौदा द्वारा पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन
दोंदेखुर्द,
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) जरौदा के तत्वावधान में ग्राम दोंदेखुर्द के प्राथमिक शाला परिसर में बुधवार से पांच दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ हुआ। यह शिविर 17 से 21 जून तक संचालित होगा।
शिविर का आयोजन संचालनालय आयुष एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी रायपुर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योग प्रशिक्षक आरती वर्मा प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक ग्रामीणों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को योगाभ्यास करा रही हैं। साथ ही योग के महत्व और स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी जा रही है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर जरौदा की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमकुमारी राठौर ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और निरोग रहता है। योग तनाव कम करने, मानसिक शांति बनाए रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा शरीर में लचीलापन विकसित करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों ने क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।