मधईपुर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, नुकीली वस्तु से पेट में वार कर आरोपी फरार

Hemant Dewangan 2026-06-22

थाना खरोरा पुलिस ने प्रार्थी ललित यादव की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।

news-banner
खरोरा,
        ग्राम मधईपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शंकर चौक के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अरूण सायतोडे नामक व्यक्ति ने जीवन उर्फ नंदू यादव को मां बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और किसी नुकीली वस्तु से पेट पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
        इस संबंध में वार्ड क्रमांक 12, ग्राम मधईपुर निवासी ललित यादव ने थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ललित यादव ने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब 7:30 बजे गांव में मंदिर के पास खड़ा था। तभी गांव के लोगों ने उसे सूचना दी कि शंकर चौक के पास अरूण सायतोडे, जीवन उर्फ नंदू यादव के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि अरूण सायतोडे, जीवन उर्फ नंदू यादव को मारपीट कर चोट पहुंचाकर भाग रहा था। जीवन के पेट में नुकीली वस्तु से चोट के निशान थे।
         ललित यादव के अनुसार यह हमला 19 जून 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे हुए लड़ाई झगड़े की पुरानी रंजिश को लेकर किया गया है। शुक्रवार शाम आरोपी ने पहले गाली गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। घटना के समय दुर्गेश यादव गुपचुप वाला, नरेन्द्र यादव और लाला राम यादव भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी वारदात अपनी आंखों से देखी है।
        थाना खरोरा पुलिस ने प्रार्थी ललित यादव की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।

Share It On: