अमेटी कॉलेज के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से घायल

Hemant Dewangan 2026-06-22

थाना खरोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

news-banner
खरोरा,
         थाना खरोरा क्षेत्र के अमेटी कॉलेज के पास मेन रोड मांठ में 14 जून 2026 की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही बोलेरो वाहन ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल भाई भतीजे का इलाज अभी रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। इलाज में व्यस्त होने के कारण परिजन ने 20 जून 2026 को थाना खरोरा पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
        प्रार्थी दिलेश्वर साहू, निवासी ग्राम —, ने पुलिस को बताया कि वह राज मिस्त्री का काम करता है और कक्षा 9वीं तक पढ़ा है। 14 जून 2026 को वह अपने घर पर था। उसी दौरान उसके बड़े भाई भागी साहू ने फोन पर सूचना दी कि अमेटी कॉलेज के पास मांठ में एक बोलेरो वाहन के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है और वे लोग शासकीय अस्पताल खरोरा जा रहे हैं। सूचना मिलते ही दिलेश्वर साहू परिजन के साथ सरकारी अस्पताल खरोरा पहुंचा। वहां उसके भाई भागी साहू के दाहिने पैर और दाहिने हाथ में तथा भतीजे युगल किशोर साहू के दाहिने पैर, जांघ और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद अधिक चोट लगने के कारण दोनों को रेफर कर दिया गया।
        घायल भागी साहू ने बताया कि 14 जून 2026 को वह अपने भतीजे युगल किशोर साहू के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 NT 6591 से रायपुर से घर लौट रहा था। शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच अमेटी कॉलेज के आगे मेन रोड मांठ के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बोलेरो वाहन क्रमांक CG07 AV 8138 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस घटना को भागी साहू की पत्नी सावित्री साहू और बेटी सिमरन साहू ने अपनी आंखों से देखा है।
        दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को रेफर करने पर परिजन ने उन्हें इलाज के लिए केदार अग्रवाल अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया, जहां अभी उनका उपचार जारी है। परिजनों के इलाज में व्यस्त रहने के कारण देरी से 20 जून 2026 को थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रार्थी दिलेश्वर साहू ने बोलेरो चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना खरोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share It On: