बलौदाबाजार-रायपुर NH-130B बना मौत का हाईवे: खरोरा में फिर सड़क हादसा, युवक की मौत, प्रशासन की लापरवाही उजागर

Hemant Dewangan 2026-07-14

तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, एक युवक गंभीर घायल।

news-banner
रायपुर,
       बलौदाबाजार से रायपुर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 130B पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। रविवार 13 जुलाई 2026 की शाम खरोरा थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। 
क्या हुआ था हादसा-
        खरोरा थाना में दर्ज FIR क्रमांक 0331/26 के अनुसार, सोनभट्ठा निवासी कमल वर्मा ने बताया कि उनका छोटा भाई कांता वर्मा 26 वर्ष सुबह 10:30 बजे अपने दोस्त कुलदीप वर्मा के साथ स्कूटी क्रमांक CG04 QZ 4357 से खरोरा स्थित अरविंद अस्पताल एसी सर्विसिंग कराने गया था। काम निपटाकर दोनों वापस घर लौट रहे थे। 
        शाम करीब 3:50 बजे जब वे अरविंद अस्पताल के सामने रायपुर-बिलौदाबाजार मेन रोड पर पहुंचे, उसी समय मांठ-रायपुर तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप क्रमांक CG04 NB 0780 के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी। 
       टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांता वर्मा के सिर, चेहरा, सीना, दोनों हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे कुलदीप वर्मा को हाथ-पैर में चोटें आईं हैं, जिसे MRM अस्पताल खरोरा में भर्ती कराया गया है। स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। 
       पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1), 125(a) और 281 के तहत मामला दर्ज कर खरोरा थाना जांच शुरू कर दी है।
NH-130B पर लगातार बढ़ रहे हादसे-
        स्थानीय लोगों का कहना है कि बलौदाबाजार से रायपुर तक जाने वाला NH-130B पिछले कुछ महीनों से "मौत का हाईवे" बन गया है। तेज गति, ओवरटेक, लापरवाह ड्राइविंग और सड़क पर जरूरी सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण हर हफ्ते यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है।

Share It On: