रायखेड़ा/तिल्दा।
रायखेड़ा तिल्दा स्थित अदानी पावर प्लांट कैंपस में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। मुरूम परिवहन कर रहे भारी वाहन की चपेट में आने से 26 वर्षीय प्लांट कर्मचारी केशव कुमार महिलांगे की मौत हो गई। मृतक जांजगीर-चांपा जिले का निवासी बताया जा रहा है।
बताया गया कि हादसा प्लांट कैंपस के भीतर हुआ। हादसे के दौरान युवक मुरूम के दलदल में लथपथ होकर दब गया। वहीं, हादसे के समीप से एक बाइक को भी मुरूम के दलदल से निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद मृतक के शव की सुपुर्दगी और मुआवजे को लेकर परिवार ने विरोध शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवार प्लांट गेट पर धरने पर बैठा है। वहीं आम मजदूर भी मौके पर पहुंचकर परिवार के समर्थन में जुट गए हैं।
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि मुआवजे को लेकर चर्चा के लिए प्लांट के जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आ रहे हैं। इसके चलते परिवार और मजदूरों में नाराजगी बनी हुई है।
खास बात यह है कि तीन दिन पहले भी प्लांट में एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें पांच मजदूर घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं आरोप है कि पिछले हादसे की जानकारी को प्लांट प्रबंधन ने छुपाने की कोशिश की थी।
अब एक और कर्मचारी की मौत के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों और प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल मुआवजे को लेकर परिवार का धरना जारी है।