दो नए केंद्र खुलने की खबर से पवनी, परसतराई और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
धरसीवाँ,
विधानसभा क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के सतत प्रयासों से ग्राम पवनी और परसतराई में 2 नए धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। नवीन केंद्रों की मंजूरी की खबर मिलते ही पूरे धरसीवाँ क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।
समय और पैसे की होगी बचत |
नए उपार्जन केंद्र खुलने से पवनी, परसतराई और आसपास के आश्रित गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अब लंबी कतारों, परिवहन की किल्लत और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से नहीं जूझना पड़ेगा। इससे किसानों का कीमती समय और पैसा दोनों बचेगा।
धरसीवाँ का प्रत्येक किसान मेरा परिवार:
विधायक अनुज शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "धरसीवाँ का प्रत्येक किसान मेरा परिवार है। किसानों की सुविधा और उनकी मेहनत का सही दाम दिलाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप के नेतृत्व में हमारी सरकार किसान हित के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।"
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
इस सौगात के लिए पवनी और परसतराई के ग्रामीणों व किसान संगठनों ने विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप का आभार व्यक्त किया है।