अतिथियों द्वारा श्री पटेल को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके दीर्घ शैक्षणिक सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
खपरीकला,
शासकीय प्राथमिक शाला खपरीकला के प्रधान अध्यापक अश्वनी कुमार पटेल की सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, संकुल परिवार खपरीकला के शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों तथा ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खपरीकला के सरपंच रामेश्वर साहू थे, जबकि अध्यक्षता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खपरीकला के संकुल प्राचार्य पी. तिर्की ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सरपंच अल्का-राम अवतार साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.डी. सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.के. जाहिरे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक देवेन्द्र सिंह ठाकुर तथा प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदानी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने श्री पटेल के दीर्घ शैक्षणिक सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
शाल व स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान अश्वनी कुमार पटेल को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए सेवाकाल के आत्मीय संस्मरण साझा किए।
इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने सफल आयोजन के लिए संकुल परिवार व ग्रामवासियों को बधाई दी और कहा कि शिक्षक द्वारा दिए गए संस्कार एवं समाज के लिए किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहते हैं। अंत में सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।