तिल्दा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं। लखना गांव में घरों में 5 फीट तक पानी भरने से लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रभावितों को हर संभव मदद और राहत सामग्री मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
तिल्दा-नेवरा,
में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ की चपेट में आए तिल्दा अंचल के ग्रामीण इलाकों का रविवार को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री व क्षेत्रीय विधायक टंकराम वर्मा ने मैदानी दौरा किया। उन्होंने बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित ग्राम लखना, बेमता और बलौदी पहुंचकर हालात का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और किसी भी पीड़ित परिवार को सहायता की कमी नहीं होने दी जाएगी।
लखना में 5 फीट तक घुसा पानी, छतों पर रहने को मजबूर लोग
शिवनाथ और खारुन नदी के संगम पर बसे ग्राम लखना में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। गांव के दर्जनों घरों में 2 से 5 फीट तक पानी भर जाने के कारण लोग अपनी जान-माल बचाने के लिए छतों पर रात गुजारने को मजबूर हैं। मंत्री वर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितों की पीड़ा सुनी और अधिकारियों को राहत कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी।
बेमता और बलौदी में फसलों का भारी नुकसान
इसके बाद मंत्री बेमता और बलौदी पहुंचे, जहां खेतों में लबालब पानी भरने से खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों ने फसल बर्बादी को लेकर अपनी चिंता जताई, जिस पर मंत्री ने राजस्व अधिकारियों को तत्काल गिरदावरी कर नुकसान का सटीक आकलन करने के निर्देश दिए।
राहत शिविरों व अस्थायी आवास के सख्त निर्देश
मंत्री टंकराम वर्मा ने एसडीएम मुकेश कोठारी और तहसीलदार रामप्रसाद बघेल को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, कपड़े और सुरक्षित अस्थायी आवास का तत्काल प्रबंध किया जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य टीमों को मुस्तैद रहने को कहा गया।
दौरे के दौरान पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, नरसिंह वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, गिरीश साहू, अनिल नायक, केयूर भूषण शर्मा, एसडीएम मुकेश कोठारी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल सहित स्थानीय त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।