तिल्दा-नेवरा में सजेगा खेल का महाकुंभ: 13 और 14 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

Zoya Dewangan 2026-10-13

तिल्दा-नेवरा के बी.एन.बी. ग्राउंड में 13-14 अक्टूबर को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी। पार्षद रानी सौरभ जैन ने नगरवासियों से इसमें शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

news-banner
तिल्दा-नेवरा,
       नगर के खेल इतिहास में एक नया और गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का दो दिवसीय महाकुंभ 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को स्थानीय बी.एन.बी. ग्राउंड में शुरू होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर पूरे नगर में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल है।

प्रदेशभर के 12 सेक्टरों के धुरंधर दिखाएंगे दमखम
       माननीय मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों के 12 सेक्टरों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, बेहतरीन कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन का जलवा बिखेरेंगे। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक और बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि प्रतियोगिता पूरी तरह सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

तिल्दा-नेवरा के लिए गौरव का विषय: रानी सौरभ जैन
        वार्ड क्रमांक 21 (मिशन वार्ड) की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल की अध्यक्षा रानी सौरभ जैन ने इस आयोजन को नगर के लिए बेहद गौरवपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि— "नगर में इस स्तर के खेल आयोजन का होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन न केवल युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि तिल्दा-नेवरा को प्रदेश के खेल मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाते हैं।"
            उन्होंने आगे कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का सशक्त माध्यम है।

नगरवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील
       रानी सौरभ जैन ने तिल्दा-नेवरा के समस्त खेलप्रेमियों, युवाओं, गणमान्य नागरिकों और नगरवासियों से अपील की है कि वे 13 एवं 14 अक्टूबर को बी.एन.बी. ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने इसे तिल्दा-नेवरा की खेल भावना और अतिथि-सत्कार की परंपरा का उत्सव बताया।

"खेलेंगे खिलाड़ी, गूँजेगा तिल्दा-नेवरा — खेल भावना से गौरवान्वित होगा छत्तीसगढ़!"

Share It On: