तिल्दा के ग्राम पंचायत केसला में नियमों की उड़ी धज्जियां: गुपचुप बुलाई आमसभा, सचिव का बेतुका बयान- "मैंने आज तक पंचों को रजिस्टर घुमाकर सूचना नहीं दी

Zoya Dewangan 2026-10-14

जनपद पंचायत तिल्दा के ग्राम पंचायत केसला में सरपंच और सचिव की बड़ी मनमानी सामने आई है। छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम के नियमों को दरकिनार कर गुपचुप तरीके से आमसभा आयोजित कर ली गई। उपसरपंच और पंचों को इसकी कोई सूचना तक नहीं दी गई।

news-banner
खरोरा,
             जनपद पंचायत तिल्दा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत केसला में पंचायत प्रशासन की बड़ी मनमानी सामने आई है। यहां सरपंच और सचिव ने छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम के नियमों को ताक पर रखते हुए मंगलवार को गुपचुप तरीके से आमसभा आयोजित कर ली। हद तो तब हो गई जब गांव के उपसरपंच और अधिकांश पंचों को इस महत्वपूर्ण बैठक की कोई पूर्व सूचना ही नहीं दी गई थी। इस मामले में पंचायत सचिव का जो बयान सामने आया है, वह और भी चौंकाने वाला है।

'आंगन मिलन' की आड़ में खेला गया खेल
             जानकारी के अनुसार, मंगलवार (6 अक्टूबर) को पंचायत भवन में 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि सरपंच और सचिव ने इसी कार्यक्रम की आड़ लेकर चुपके से आमसभा की बैठक भी जोड़ दी। पंचायती राज नियमों के मुताबिक, किसी भी बैठक या ग्राम सभा की लिखित सूचना उसके एजेंडे के साथ 3 से 7 दिन पहले सभी जनप्रतिनिधियों (उपसरपंच व पंचों) को देना अनिवार्य होता है, लेकिन केसला पंचायत में इस नियम को दरकिनार कर दिया गया। बिना पूर्व योजना के आमसभा जोड़े जाने के कारण कार्यक्रम में आई गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की माताओं को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और समस्याओं से जूझना पड़ा।

ऐसे हुआ खुलासा: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बुलाया, तब खुली पोल
            इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब गांव की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उपसरपंच को 'आंगन मिलन' कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। उपसरपंच जब इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, तब उन्हें वहां जाकर भनक लगी कि मुख्य कार्यक्रम की आड़ में ही ग्राम सभा की बैठक भी जोड़ दी गई है। इसके बाद उन्होंने तत्काल अन्य पंचों से संपर्क किया और पूछा कि क्या उन्हें आमसभा की सूचना दी गई थी? सभी पंचों ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई लिखित या मौखिक सूचना नहीं मिली है।

सचिव का गैर-जिम्मेदाराना बयान: नियमों को खुलेआम चुनौती
            इस पूरे विवाद पर ग्राम पंचायत केसला के सचिव बलराम बंजारे का एक बेहद गैर-जिम्मेदाराना और हैरान करने वाला बयान सामने आया है। जब इस मामले में सचिव से बात की गई, तो उन्होंने अपनी गलती मानने के बजाय साफ शब्दों में कहा, "मैंने आज तक ग्राम सभा की बैठक के लिए रजिस्टर घूमाकर पंचों को सूचना नहीं दी है।"
सचिव का यह बेतुका बयान खुद इस बात की पुष्टि करता है कि केसला पंचायत में लंबे समय से पंचायती राज अधिनियम के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का कोई पालन नहीं हो रहा है।

पंचों ने की शिकायत, पर सिस्टम सुस्त
              इस मनमानी का पता चलने के बाद उपसरपंच और सभी पंचों ने एकजुट होकर 7 अक्टूबर को जनपद पंचायत सीईओ को लिखित शिकायत सौंपी थी। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह है कि जब 10 अक्टूबर को जनपद सीईओ रवि कुमार से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "इस मामले की शिकायत अभी तक मुझे नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद ही कुछ बता पाएंगे।"

उठ रहे हैं गंभीर सवाल-
             सचिव का नियमों को न मानने का खुला बयान और जनपद सीईओ तक 3 दिन बाद भी शिकायत का न पहुंचना, दोनों ही बातें पंचायत राज व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना यह है कि सचिव के इस खुले कबूलनामे के बाद जनपद पंचायत प्रशासन इस मामले में क्या और कब ठोस कार्रवाई करता है।

Share It On: