"जनपद और जिला पंचायत में छोटे-छोटे कामों की स्वीकृति के लिए 10-10 से 15-15 प्रतिशत तक कमीशन देना पड़ता है। ये लोग हर काम के लिए पैसा मांगते हैं।" - सरपंच मया वंशे
खरोरा,
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि में हो रही अवैध वसूली के मामले में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जनपद पंचायत तिल्दा के ग्राम पंचायत केशला में 2-2 हजार रुपये की उगाही को लेकर सामने आए नए ऑडियो ने सिस्टम के होश उड़ा दिए हैं। इस वायरल ऑडियो से साफ हो गया है कि अवैध वसूली का असली मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि खुद सरपंच है। और सबसे बड़ी साजिश यह रची गई कि जिसने इस भ्रष्टाचार की शिकायत की, उसी उपसरपंच को सिस्टम बचाने के लिए मोहरा बना दिया गया। ऑडियो में सरपंच ने यह भी कबूला है कि 'ओडीएफ' (ODF) घोषित हो चुके गांव में 10 से 15 प्रतिशत कमीशन देकर ऊपर से पैसा पास कराया जा रहा है।
सरपंच का बेबाक कबूलनामा: "ODF होने के बाद भी मिल रहा पैसा"
वायरल ऑडियो में ग्रामीण, वसूलीकर्मी पूजा देवांगन से बातचीत के बाद सरपंच को कॉल करते हैं। फोन पर सरपंच बेझिझक कहता है, "जनपद और जिला पंचायत में छोटे-छोटे कामों की स्वीकृति के लिए 10-10 से 15-15 प्रतिशत तक कमीशन देना पड़ता है। ये लोग हर काम के लिए पैसा मांगते हैं।"
जब ग्रामीणों ने पूछा कि इस वसूली से गांव का क्या फायदा है, तो सरपंच का दो टूक और हैरान करने वाला जवाब था- "सीधी सी बात है, अगर ऊपर पैसा नहीं देंगे तो नहीं मिलेगा। केसला ओडीएफ (ODF) गांव है, ओडीएफ हो चुका है... उसके बाद भी पैसा मिल रहा है।"
सिस्टम को बचाने के लिए रची गई साजिश, उपसरपंच को बनाया मोहरा
इस ऑडियो ने स्पष्ट कर दिया है कि सरपंच और सचिव इस पूरे वसूली रैकेट को चला रहे थे। जब उपसरपंच लोमश देवांगन और अन्य ग्रामीणों ने इस गोरखधंधे की लिखित शिकायत उच्चाधिकारियों से की, तो भ्रष्ट सिस्टम और फर्जीवाड़े को छिपाने के लिए एक गहरी साजिश रची गई। खुद को बचाने के लिए उल्टे शिकायतकर्ता उपसरपंच पर ही झूठे आरोप मढ़वा दिए गए और उसे एक मोहरा बना दिया गया।
अधिकारियों का पक्ष और उठते सवाल
सरपंच के इस कबूलनामे ने जनपद और जिला पंचायत के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है:
कुमार विश्वरंजन (जिला पंचायत सीईओ): "सरपंच के बयान वाले इस वायरल ऑडियो की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।"
रवि कुमार (तिल्दा जनपद सीईओ): "सरपंच मया वंशे द्वारा जनपद और जिला पंचायत पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। बिना सबूत के आरोप साबित नहीं होते। तथ्यों की जांच के बाद कार्रवाई होगी। फिलहाल इस मामले की जिला पंचायत स्तर से जांच चल रही है।"
जब वायरल ऑडियो की पुष्टि के लिए सरपंच को कॉल किया गया तब सरपंच मया वंशे कहा- "हां, मैंने ही बोला है।"
अब उठते हैं ये बड़े सवाल:
१.क्या आला अधिकारी उस भ्रष्टाचार की जांच करेंगे, जिसमें ODF गांव में भी कमीशन देकर धड़ल्ले से शौचालय का पैसा पास कराया जा रहा है?
२.क्या उच्चाधिकारी इस पुख्ता सबूत के आधार पर असली मास्टरमाइंड सरपंच और सचिव पर एफआईआर (FIR) दर्ज करेंगे, या फिर उपसरपंच को मोहरा बनाकर सिस्टम को बचाने की लीपापोती जारी रहेगी?