नकटी कुम्हारी में सचिव पर वित्तीय अनियमितता का आरोप, कोयला भट्ठे के कथित फर्जी NOC पर ग्रामीणों का विरोध

Zoya Dewangan 2026-10-14

नकटी कुम्हारी पंचायत में 3 साल से हिसाब-किताब गायब! ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव और सरपंच की मिलीभगत से बिना ग्राम सभा बुलाए कोयला भट्ठे को फर्जी NOC दे दी गई। धुएं से सांस लेना दूभर है और पेड़ काटे जा रहे हैं।

news-banner
खरोरा, 
             जनपद पंचायत तिल्दा के अंतर्गत ग्राम पंचायत नकटी कुम्हारी के पंचों और ग्रामीणों ने पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और गांव में संचालित कोयला भट्ठे के विरोध में शिकायत दर्ज कराई है। 12 अक्टूबर 2026 को ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), अनुविभागीय अधिकारी (SDM), तहसीलदार और वन विभाग को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

तीन साल के हिसाब की जांच की मांग
            CEO को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव द्वारा पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा। शिकायत के अनुसार ग्राम सभा की बैठकों में आय-व्यय और विकास कार्यों के खर्च का ब्यौरा नहीं रखा जाता। पंच या ग्रामीण जब कैश बुक या सरकारी योजनाओं की जानकारी मांगते हैं, तो सचिव मामले को टाल देते हैं। पारदर्शिता के अभाव में ग्रामीणों ने वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई है और पिछले तीन वर्षों के खातों की उच्च स्तरीय जांच व ऑडिट की मांग की है। दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी मांग की गई है।

कोयला भट्ठे से प्रदूषण, पेड़ों की कटाई का आरोप
            दूसरी शिकायत गांव में संचालित ईंट (कोयला) भट्ठे को लेकर है। ग्रामीणों के अनुसार भट्ठा संचालक ने गांव में अपनी भूमि पर भट्ठा लगाया है, जिसके लिए किसानों के खेतों के पेड़ काटे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भट्ठे के धुएं से भारी प्रदूषण हो रहा है, जिससे सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन हो रही है, साथ ही तालाब का पानी भी दूषित हो रहा है।

बिना ग्राम सभा के NOC देने का आरोप
            शिकायत पत्र में आरोप है कि सरपंच, उपसरपंच, कुछ पंचों और सचिव ने आपसी मिलीभगत से और पैसे लेकर, बिना ग्राम सभा की बैठक बुलाए भट्ठा संचालक को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया। ग्रामीणों ने इसे फर्जी बताया है।

            इस मामले पर सचिव मुकेश बघेल ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा बिना ग्राम सभा के पंच सरपंच के सहमति से कोयले भट्ठे को अनापत्ति पत्र दिया गया था अभी सरपंच चुनाव में हारे हुवे प्रत्याशी विरोध जता रहे हैं।

           सरपंच ने कहा - उपसरपंच ने स्वयं की जिम्मेदारी से पंचायत बैठक में कोयल भट्ठे के लिए एनओसी दिलवाई थी और उक्त बैठक में मैं मौजूद नहीं था।

इन्हें भेजी गई प्रतिलिपि
            ग्रामीणों ने भट्ठे को बंद करने या अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए शिकायत की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तिल्दा, विधायक धरसींवा, थाना प्रभारी खरोरा, पर्यावरण मंत्रालय रायपुर, जनपद पंचायत तिल्दा और वन विभाग तिल्दा को भी सौंपी है। शिकायत पत्र पर धनेश सिरमौर, रानी टिकरिहा (पंच), रंजनी (पंच), कुसुम यादव (पंच), टिकेश्वर निषाद, लक्ष्मण (पंच) और नखेद निषाद सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
News Image

Share It On: