शिक्षा की अलख जगा रहे है खरोरा के कृष्ण माणिकपुरी, गाँव-गाँव में बाँट रहे निःशुल्क ज्ञान

Zoya Dewangan 2026-10-14

खरोरा के कृष्ण माणिकपुरी ग्रामीण बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और नैतिक मूल्य देकर संवार रहे हैं उनका भविष्य। पढ़िए यह प्रेरणादायक कहानी!

news-banner
खरोरा,
            शिक्षा वह माध्यम है जो गाँव की गलियों से निकलकर शहर, राज्य, देश और फिर पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाती है। इसी भावना को साकार कर रहे हैं खरोरा के कृष्ण माणिकपुरी, जो ग्रामीण अंचल के प्राइमरी से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों को निस्वार्थ भाव से निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं।
              सरकारी स्कूलों के बच्चों को वे पढ़ाई के साथ-साथ जीवन के लिए जरूरी मार्गदर्शन भी देते हैं। उनके पढ़ाए जाने वाले विषयों और गतिविधियों में नैतिक शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, संगीत व नृत्य, करियर परामर्श, लेखन कला और चित्रकला शामिल हैं। इसके अलावा वे बच्चों को माता-पिता के सम्मान तथा समाज और देश के प्रति नैतिक कर्तव्यों का पाठ भी पढ़ाते हैं।
              उनकी इस शैक्षिक सेवा से प्रभावित होकर कई राज्यस्तरीय, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं ने उन्हें विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया है।
             खास बात यह है कि कई निजी चुनौतियों और अपने करियर की तैयारी के बीच भी श्री माणिकपुरी ने बच्चों को निःशुल्क पढ़ाने का सिलसिला नहीं रोका। उनकी यह लगन क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
              क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी उनके मार्गदर्शन से बेहद खुश हैं और उनसे अधिक से अधिक सीखने को उत्सुक रहते हैं। क्षेत्रवासियों ने ऐसे ऊर्जावान, समर्पित और निस्वार्थ शिक्षा सेवक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Share It On: